सिडनी, भाषा: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरूआती वनडे में मिली हार के बाद अपनी टीम के हाव भाव पर सवाल उठाए और कहा कि हार्दिक पंड्या का गेंदबाजी के लिए फिट नहीं होने से टीम का संतुलन प्रभावित हो रहा है क्योंकि उनके पास ज्यादा आलराउंडर मौजूद नहीं हैं। भारत की आॅस्ट्रेलिया दौरे की शुरूआत निराशाजनक हुई, उसे यहां पहले वनडे में 66 रन से हार का सामना करना पड़ा। कोहली ने मैच के बाद कहा कि हर किसी को पूरे 50 ओवरों में अपना जज्बा दिखाने की जरूरत होती है। शायद, हम लंबे समय बाद 50 ओवर के क्रिकेट में खेले जिसका असर मैदान में खड़े खिलाड़ियों पर पड़ सकता है लेकिन हमने इतना वनडे क्रिकेट खेला है कि हम इससे निपटना जानते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मैदान पर 25 ओवर के बाद खिलाड़ियों के हाव भाव अच्छे नहीं थे। यह निराशाजनक चीज है।

