- हालत बिगड़ने पर शामली सीएचसी से महिला रैफर
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गांव लांक में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर दिया। विवाहिता को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से हालत बिगड़ने पर उसे रैफर कर दिया गया। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
शामली कोतवाली के गांव लांक निवासी सोनिया पुत्री साहब सिंह का विवाह 6 माह पूर्व बागपत जनपद के कस्बा छपरौली में तेजवीर के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सोनिया का उत्पीड़न करते चले आ रहे हैं जिसके चलते ससुरालियों ने उसे मायके में छोड़ दिया। काफी समय से ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को लेने नहीं आ रहे थे। जिसको लेकर बताया गया है कि विवाहिता मानसिक तनाव में चल रही है।
सोमवार को विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे विवाहिता की हालत बिगड़ गई। परिजन विवाहिता को लेकर शामली सीएचसी में पहुंचे जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद विवाहिता को रैफर कर दिया गया। विवाहिता की मां ने ससुरालियों पर विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई तरह के आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस अस्पताल में पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी की है।

