
आयुष्मान खुराना करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन बैनर तले बन रही एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म में सारा अली खान के अपोजिट नजर आने वाले हैं। फिल्म में दोनों पहली बार साथ में स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। करण और सारा दोनों के ही साथ आयुष्मान की यह पहली फिल्म है। इस फिल्म को ‘भूल भुलैया 2’ की स्क्रिप्ट लिख चुके आकाश कौशिक ने लिखा है और वो इस फिल्म से डायरेक्टोरियल डेब्यू भी करने जा रहे हैं। शूजित सरकार द्वारा डायरेक्ट की गई फिल्म फिल्म ‘विक्की डोनर’ (2012) से फिल्मों में डेब्यू करने वाले आयुष्मान खुराना को हिंदी सिने जगत में 12 साल हो चुके हैं। आयुष्मान की फिल्में चली हों या न भी चली हों लेकिन जो भी फिल्म उन्होंने की, उसमें लीक से हटकर भूमिकाएं और अनूठी अभिनय शैली के कारण काफी लोकप्रियता हासिल की। आयुष्मान खुराना, को पता है कि उनके फैंस, उनकी शख्सियत के दरवाजे पर, अभिनय की छांव तलाशने आते हैं। इसलिए वो, अपनी फिल्मों के लिए, शुरू से जी तोड़ मेहनत करते रहे हैं। आयुष्मान खुराना में दूसरे हीरो की तरह ज्यादा चटक-मटक नजर नहीं आती, लेकिन वह अपना किरदार बखूबी मनोरंजक तरीके से निभाने के लिए मशहूर हैं। वह जमीन से जुड़े कलाकार हैं। ‘अंधाधुन’ (2018) के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवार्ड जीत चुके आयुष्मान खुराना अपनी तरह की फिल्मों के सुपर स्टार हैं। धर्मा प्रोडक्शन की एक्शन-कॉमेडी फिल्म के अलावा आयुष्मान खुराना मशहूर क्रिकेट सौरव गांगुली की बायोपिक भी करने वाले हैं। जिसके लिए पहले एक्टर रनबीर कपूर का नाम सुर्खियों में आया था। लेकिन अब खबर आ रही है कि आयुष्मान खुराना फिल्म में उनकी भूमिका अदा कर सकते हैं। इस बायोपिक में काम करने के लिए आयुष्मान खुराना एकदम तैयार हैं।


