नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। दरअसल, आज गुरूवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों धातुएं बढ़त के साथ कारोबार करती नजर आईं। बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग, आर्थिक अनिश्चितता और डॉलर की कमजोरी के चलते सोने-चांदी की कीमतों में तेजी बनी हुई है।
जानते हैं सोने की कीमत?
बता दें कि, MCX पर अक्टूबर वायदा सोना 99 रुपये की बढ़त के साथ ₹1,01,361 प्रति 10 ग्राम पर खुला। दिन में यह तेजी और बढ़ी और खबर लिखे जाने तक यह ₹1,01,403 पर ट्रेड करता देखा गया। इस दौरान सोने ने ₹1,01,426 का उच्चतम स्तर और ₹1,01,319 का न्यूनतम स्तर छू लिया।ध्यान देने वाली बात यह है कि इस साल सोने ने ₹1,01,579 प्रति 10 ग्राम का सर्वोच्च स्तर भी छू लिया है, जिससे निवेशकों में उत्साह बढ़ा है।
चांदी में भी तेजी
चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई। सितंबर वायदा चांदी MCX पर 343 रुपये की बढ़त के साथ ₹1,13,998 प्रति किलोग्राम पर खुली। दिनभर के कारोबार में यह तेजी बढ़कर ₹1,14,099 तक पहुंच गई। इस दौरान चांदी ने ₹1,14,120 का उच्चतम और ₹1,13,905 का न्यूनतम स्तर छुआ। साल 2025 में अब तक चांदी का सर्वोच्च स्तर ₹1,16,641 प्रति किलो रहा है।
तेजी के पीछे प्रमुख कारण?
डॉलर इंडेक्स में गिरावट: कमजोर डॉलर की वजह से कीमती धातुओं में निवेश का आकर्षण बढ़ा।
जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताएं: रूस-यूक्रेन और मध्य-पूर्व के हालातों ने निवेशकों को सुरक्षित विकल्प की ओर मोड़ा।
बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग: भारत और चीन में आभूषणों की मांग के चलते भावों में मजबूती बनी हुई है।
केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: कई देशों के सेंट्रल बैंक सोना खरीद रहे हैं, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है।
निवेशकों के लिए संकेत?
कीमती धातुओं में यह तेजी निवेशकों के लिए सावधानी और सतर्कता दोनों की जरूरत बताती है। अगर आप निवेश करने की सोच रहे हैं, तो वायदा बाजार में उतार-चढ़ाव को समझते हुए ही कदम बढ़ाएं। सोने-चांदी की यह तेजी अल्पकालिक है या लंबी अवधि की शुरुआत – यह आने वाले आर्थिक संकेतों और वैश्विक घटनाओं पर निर्भर करेगा।

