जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िले में बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। यह एक्सप्रेसवे राज्य के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने के साथ-साथ तेज और सुगम यातायात का मार्ग प्रशस्त करेगा।
करीब 594 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक विस्तारित किया जा सकता है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत लगभग 36,230 करोड़ रुपये बताई गई है।
आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि व्यापार, उद्योग और निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सीएम योगी ने की पीएम की सराहना
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि दिसंबर 2021 में इस परियोजना की आधारशिला रखी गई थी और निर्धारित समयसीमा में इसे पूरा करना एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, “आज हम पूरे देश में नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह एक्सप्रेसवे आवागमन को आसान बना रहा है और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दे रहा है।”
नए भारत की तस्वीर
सरकार के अनुसार, यह परियोजना ‘नए भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है, जो आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए विकास को गति देने पर केंद्रित है।

