नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पिछले कुछ दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उसके विरोध प्रदर्शन को लेकर चर्चा बनी हुई है। इस मुद्दे पर कई सेलेब्स ने पार्टी और प्रदर्शन का समर्थन किया है, जबकि कुछ कलाकारों ने इसकी आलोचना भी की है। अब अभिनेता मुकेश खन्ना भी सीजेपी की आलोचना करने वालों में शामिल हो गए हैं।
मुकेश खन्ना ने दी चेतावनी
मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सीजेपी के विरोध में अपनी बात रखी। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, ऐसे लोगों को बाहर कर देना चाहिए। उन्होंने कॉकरोच का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे घर में कॉकरोच आने पर उन्हें पकड़कर बाहर निकाल दिया जाता है, उसी तरह इनके साथ भी ऐसा ही किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग इनके प्रभाव में आकर जोश में गलत बयान दे रहे हैं, उनके बयान इतिहास में दर्ज हो चुके हैं।
युवाओं को लेकर कही ये बात
मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि गलत संगत का असर युवाओं के भविष्य पर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयानों की वजह से उन्हें भविष्य में करियर और अन्य अवसरों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कोई भी कदम उठाने से पहले उसके परिणामों के बारे में सोचें।
प्रदर्शन को लेकर उठाए सवाल
मुकेश खन्ना ने कहा कि अगर आने वाले वर्षों में देश की जिम्मेदारी ऐसे लोगों के हाथों में होगी तो इसके परिणामों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन छात्रों का आंदोलन नहीं था, बल्कि इसके पीछे अन्य उद्देश्य थे। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकते।
नीट मामले में हुआ था प्रदर्शन
बता दें कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर सीजेपी ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए थे। प्रदर्शन को लेकर कई लोगों ने अपनी राय रखी है। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी सीजेपी और छात्रों के विरोध प्रदर्शन की आलोचना की थी।

