जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: चिलकाना थाना पुलिस ने सोमवार देर रात सलीरी गांव के जंगल में मुठभेड़ के बाद हिस्ट्रीशीटर गोकश को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जंगल में कांबिंग कर रही है। क्षेत्राधिकारी सदर विकास प्रताप सिंह चौहान के मुताबिक, चिलकाना पुलिस नल्हेड़ा-सलीरी मार्ग पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सलीरी के जंगल में ईख के खेत में गोकशी की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान दो लोगों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा भाग निकला।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान चौराखुर्द निवासी दिलशाद उर्फ कल्लू के रूप में बताई है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश तथा गोकशी में इस्तेमाल उपकरण बरामद करने का दावा किया गया है। सीओ के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोकशी, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

