- उपभोक्ताओं को महंगी बिजली की मार झेलनी पड़ेगी
जनवाणी संवाददाता |
नगीना: बिजली के निजीकरण के विरोध और सरकार से पूर्व में हुई वार्ता पर सहमति आदेश जारी न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के प्रदेश व्यापी आह्वान पर नगीना के विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने विरोध प्रकट किया।
बुधवार को विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के कर्मचारियों ने बिजली के निजीकरण के विरोध में प्रदेश व्यापी हड़ताल को समर्थन देते हुए प्रदर्शन कर विरोध प्रकट किया। इस अवसर पर वक्ताओं नें निजीकरण से होने वाले नुकसान के बारे में बताते हुए कहा कि निजीकरण से सभी श्रेणी के लिए उपभोक्ताओं को महंगी बिजली की मार झेलनी पड़ेगी। बिजली का निजीकरण न करने पर सहमति के साथ ही कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण का भी आश्वासन प्रबंधन ने दिया था।
अभी तक इसके आदेश जारी नहीं किए गए। इसके विरोध में संगठन ने प्रदेश व्यापी विरोध दिवस मनाया और काली पट्टियां बांध कर विरोध प्रकट किया है। इस कार्यक्रम में विद्युत मोर्चा संगठन के प्रांतीय महामंत्री मोहम्मद अरशद, संदीप कुमार, मंजीत सिंह, रामलाल, वासिफ अतीक, ओसामा जमाल, महेश सिंह, सविता सैनी, इंद्रेश यादव, ओमकार सिंह, राजू सिंह आदि मौजूद रहे।

