- बाबा मस्तनाथ मठ में बनाया गया था सीएम के लिए हेलीपेड
- भारी पुलिस बल किया गया था तैनात, फिर भी हो गया बवाल
- ओल्ड आईटीआई ग्राउंड में आयोजित शोक सभा में सीएम को करनी थी शिरकत
जनवाणी संवाददाता |
रोहतक: तीन कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का विरोध करने पहुंचे आंदोलनकारियों व पुलिस के बीच शनिवार को बवाल हो गया। पुलिस ने आंदोलनकारी किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसके बाद अफरातफरी मच गई। बवाल में किसान तथा पुलिस कर्मियों को चोटें आयी हैं। मुख्यमंत्री को आईटीआई ग्राउंड में आयोजित सतगुरु दास शर्मा की शोक सभा में शिरकत करने आना था। इसी के चलते सीएम का हेलीपैड बाबा मस्तनाथ स्थित मठ में बनाया गया था। यहां पर आंदोलनकारी व पुलिस आमने-सामने हो गए।
सूचना पाकर पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंचे गए थे। मौके पर जमा आंदोलनकारियों की भीड़ इस जिद पर अड़ी थी कि वो सीएम का हैलीकॉप्टर नीचे नहीं उतरने देंगे। पूरी स्थिति से निपटने के लिए पहले भी पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। शनिवार को आईटीआई ग्राउंड में भाजपा सांसद अरविंद शर्मा के पिता सतगुरु दास शर्मा की श्रद्धाजंली कार्यक्रम आयोजित किया गया है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी इस कार्यक्रम में पहुंचना था।

तीन कृषि कानून का विरोध कर रहे आंदोलनकारी भी सीएम का घेराव करने बाबा मस्तनाथ मठ के नजदीक पहुंचे गए, पुलिस ने उन्हें बेरीकेट पर रोकने का प्रयास किया तो पुलिस व आंदोनकारियों के बीच बवाल हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए आंदोलनकारी किसानों की भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने भी पुलिस पर पथराव कर दिया।
लाठीचार्ज व पथराव में कई किसान घायल हो गए, वहीं पथराव में पुलिस कर्मियों को भी चोटें आयी है। किसानों व पुलिस के बीच टकराव होने के बाद बनाये गए हेलीपेड पर सीएम का विमान नहीं उतरा तथा रोहतक में ही किसी अन्य स्थान पर हेलीकाप्टर को उतारा गया, जिसके बाद ही भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीएम शोक सभा में पहुंचे। जहां से भी सीएम का काफिला निकला, उस स्थान को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

