- माइक लगाकर अनावश्यक घूमने वालों को खदेड़ा
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: प्रदेश सरकार की ओर से जारी लाकडाउन के दौरान सरकार की ओर से जारी की गयी गाइडलाइन का पालन कराने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर बैरिकेटिंग कर चैकिंग अभियान चलाया। जिसके चलते पुलिस ने घरों से बाहर निकलने वाले उन लोगों की जमकर क्लास लगायी, जो कि सड़कों पर घूमने का कारण नहीं बता सके।
मंगलवार को नगर के विभिन्न मुख्यमार्गों पर पुलिस ने बैरिकेटिंग किए गए स्थानों पर आवागमन करने वाले लोगों से लाकडाउन के दौरान घरों से बाहर घूमने का कारण पूछा। संतुष्टिपूर्ण उत्तर न देने वाले लोगों पर पुलिस ने डंडों का प्रयोग करने के साथ ही उन्हें नसीहत देने के लिए सजा के तौर पर मुर्गा बनाया।
पुलिसकर्मियों ने कहा कि क्षेत्र में वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिसके चलते प्रदेश सरकार ने लाकडाउन लगाया है। साथ ही प्रदेश सरकार व प्रशासन की ओर से लोगों को आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी के लिए निर्धारित समय पर कुछ दुकानों को खोले जाने की अनुमति भी दी है।
इसके बावजूद लोग सड़कों पर घूम रहे हैं। जिससे कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे से इंकार नहीं किया जा सकता है। पुलिसकर्मियों ने कहा कि पुलिस व प्रशासन की ओर से सभी लोगों से लाकडाउन व सरकार की ओर से कोरोना संक्रमण को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन किया जाना अनिवार्य है।
अकारण सड़क पर घूमते दोबारा पाए जाने पर उनके विरुद्ध माहामारी अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल दिनेश कुमार ने माइक लगा कर अनावश्यक घूमने वालो को खदेड़ा।

