जनवाणी संवाददाता |
कोतवाली देहात: ब्लाक कोतवाली में तीसरी बार अविश्वास का प्रस्ताव लाया गया। मौजूदा ब्लाक प्रमुख तृप्ति चौहान के विरुद्ध क्षेत्र पंचायत सदस्य राखी अग्रवाल ने अपने अन्य साथियों के साथ अविश्वास प्रस्ताव की रूपरेखा तैयार की थी।
15 सितंबर को अविश्वास के लिए तारीख निश्चित की गई थी लेकिन सफल नहीं हो सकी और अविश्वास प्रस्ताव गिर ।कोरोना वायरस जैसी महामारी के चलते अधिकारियों ने सोशल डिस्टेंस का क्षेत्र पंचायत सदस्यों से पालन कराया।
मंगलवार को ब्लाक कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात कर एसडीएम नगीना घनश्याम वर्मा, बीडीओ अमरीश कुमार के समक्ष क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शक्ति प्रदर्शन कराने के लिए गेट पर लंबी लाइन लगाई गई।

विदित है कोतवाली ब्लाक क्षेत्र में 187 क्षेत्र पंचायत सदस्य थे। इसमें दो सदस्यों की मौत होने के बाद 185 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपना समर्थन प्रस्तुत करना था।
क्षेत्र पंचायत सदस्य को ब्लाक प्रांगण में पहुंचने के लिए 12 बजे तक का समय निश्चित किया गया। 185 सदस्यों में से कुल 89 मौके पर पहुंचे जबकि अविश्वास सिद्ध करने के लिए 94 सदस्य की आवश्यकता थी।

कॉलम पुरा न होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। एसडीएम नगीना निर्वाचन अधिकारी घनश्याम वर्मा द्वारा अविश्वास प्रस्ताव गिर जाने की घोषणा कर दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से ब्लाक के निकट बाजार को बंद कर नहटौर मार्ग अवरुद्ध किया गया।
सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए थाना कोतवाली देहात प्रभारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक बढ़ापुर संजय धीर, थाना नहटौर, थाना बढ़ापुर, थाना नगीना देहात, थाना नगीना पुलिस बल के साथ प्रभात कुमार मौके पर मौजूद रहे।

