Home Uttar Pradesh News Meerut कबाड़ियों की और बढेगी परेशानियां

कबाड़ियों की और बढेगी परेशानियां

0
कबाड़ियों की और बढेगी परेशानियां
  • 100 कबाड़ियों ने जमा किये जबाव, अब होगा सत्यापन
  • सोतीगंज में अभी और सख्त रुख अपनाने के मूड में है प्रशासन

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: सोतीगंज में पुलिस का शिकंजा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने जिन 110 कबाड़ियों को नोटिस जारी किये थे उनमें से 100 कबाड़ियों ने जबाव दाखिल कर दिये हैं। पुलिस अब इन कबाड़ियों के कागजातों का सत्यापन करेगी और उसके बाद कार्रवाई को अंजाम देगी। वहीं माना जा रहा है कि जीएसटी और इनकम टैक्स को लेकर कबाड़ी जबाव नहीं दे पाएंगे, इसको देखते हुए पुलिस इस बदनाम काले बाजार को पूरी तरह से नेस्तनाबूद करने का मन बना चुकी है।

सोतीगंज में पुलिस ने हाजी गल्ला, हाजी इकबाल, इरफान उर्फ राहुल काला, मन्नू कबाड़ी, आदिल आदि जैसों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए न केवल जेल भेजा बल्कि उनकी करीब 50 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली। एएसपी सूरज राय ने बताया कि 100 कबाड़ियों की तरफ से नोटिस के जबाव मिल गए हैं और उनका सत्यापन कराया जा रहा है।

अगर सत्यापन में सकारात्मक बात सामने आई तो दुकानें खुल जाएंगी नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी। वहीं पुलिस उन कबाड़ियों पर शिकंजा कस रही है जो कई बार जेल जाने के बाद भी चोरी के वाहन काटने से बाज नहीं आ रहे थे। इसमें मन्नू कबाड़ी को लेकर पुलिस का फोकस ज्यादा है। मन्नू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया गया था।

पुलिस ने संपत्ति के साथ बस को भी जब्त किया था। इसके बाद वह जमानत पर बाहर आया था। कुछ दिन पहले मन्नू के घर सोतीगंज में छापा मारकर चोरी और लूट के इंजन बरामद किए गए। इसके चलते उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। अब रेलवे रोड पुलिस ने मन्नू कबाड़ी की कुछ और संपत्ति चिह्नित करने का दावा किया है। यह संपत्ति पटेल नगर में बताई गई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि जल्द ही मन्नू कबाड़ी की अन्य संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।