- बिजलीघर के भी सुधरे दिन आसपास के इलाकों पर भी अधिकारियों की नजर
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सलावा में होने जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ने आसास के इलाकों के भी दिन सुधार दिए हैं। कार्यक्रम स्थल के साथ ही अधिकारियों की नजर आसपास के इलाकों पर भी है। सलावा झाल को पिकनिक स्पॉट के रूप में तैयार किया जा रहा है। साथ ही अंगे्रजों के जमाने के बिजलीघर की सूरत भी बदली जा रही है। वर्षों से खंडहर में तब्दील गेस्ट हाउस को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।

पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर अधिकारी किसी भी तरह की लापरवाही के मूंड में नहीं है। उच्चाधिकारी खुद तैयारियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। एडीएज से लेकर आईजी, कमिश्नर, डीएम समेत तमाम अधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं। कार्यक्रम स्थल के साथ अधिकारी आसपास के इलाकों को भी चमकाने का कार्य कर रहे हैं। पुलिस चौकी को रंगाई-पुताई करके चमका दिया गया।
साथ ही सलावा झाल को पिकनिक स्पाट बनाया जा रहा है। जिसके लिए मरम्मत कार्य करने के साथ ही सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा अंग्रेजों के जमाने के बिजलीघर को दुरुस्त किया जा रहा है। जिसमें पानी से बिजली बनाई जाती है। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बिजलीघर को दुरुस्त कराने के पीछे की वजह यह है कि यहां बच्चों को विजिट कराई जाएगी।
ताकि उन्हें पता चल सके कि बिजली कैसे बनती है। झाल का भी सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसके अलावा वर्षों से खंडहर में तब्दील सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस को भी दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। कुल मिलाकर कार्यक्रम स्थल के आसपास कई किमी तक इलाकों को चमकाने का कार्य दिन-रात चल रहा है।