- एकतरफा प्रेम में पगलाए युवक ने रंग लिया लहू से अपना हाथ
जनवाणी संवाददाता |
नागल: एक तरफा प्यार की कहानी फिर मौत की दहलीज पर आ पहुंची। मामला रेलवे रोड का है। यहां एक सिरफिरे ने युवती को चाकू से घोंप कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेलवे रोड पर रहने वाली 20 वर्षीया दीपा पुत्री बॉबी कश्यप ब्यूटी पार्लर की दुकान चलाती है। उसे उनकी ही दूर की रिश्तेदारी का एक लड़का अनुज पुत्र मांगेराम निवासी भूरी बॉस थाना नकुड़ एकतरफा प्यार करता था।
नव वर्ष की संध्या पर दीपा ने उसके प्रपोजल को क्या ठुकराया कि सिरफिरे आशिक ने अपना आपा खो दिया और दिनदहाड़े घर पर ही उसकी चाकूओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी।
मृतक दीपा के भाई विकास पुत्र बॉबी ने थाना नागल में अनुज पुत्र मांगेराम ग्राम भूरीबॉस थाना नकुड़ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष बीनूचौधरी सूचना मिलने पर घटनास्थल का दौरा कर जांच शुरू कर दी,और हत्यारे को पकड़ने के लिए टीम का गठन कर घेराबंदी कर दी।
सिरफिरा आशिक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस क्षेत्राधिकारी देवबन्द डीपी तिवारी ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

