- रोहटा रोड पर पांच जगहों से उखाड़ी गई टाइल्स
- नगर निगम की ओर से दी गई तहरीर
- नगरायुक्त मनीष बंसल ने रोहटा रोड के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रोहटा रोड की साइड पटरी से इंटरलाकिंग सड़क उखाड़ने के मामले में नगर निगम गंभीर है। करीब आधा दर्जन जगहों पर सड़क की टाइल्स उखाड़ने वाले दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कराने के नगरायुक्त ने आदेश दिए हैं। जिसके बाद नगर निगम की ओर से थाने पर व्यापारियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। हालांकि अभी पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है।
नगर निगम ने रोहटा रोड की साइड पटरी पर इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण कराया था। रोड के दोनों ओर के कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध किया और करीब आधा दर्जन जगहों पर सड़क से टाइल्स को उखाड़कर फेंक दिया। इस बात की जानकारी निगम प्रशासन को लगी तो अधिशासी अभियंता विकास कुरील ने टीम के साथ क्षेत्र का दौरा कर सड़क के हालात की जायजा लिया। निरीक्षण में पांच स्थानों पर इंटरलाकिंग सड़क की टाइल्स उखड़ी हुई मिली।
मामले की जानकारी नगरायुक्त मनीष बंसल को दी गई, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस पर दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई। जिसके बाद नगर निगम की ओर से क्षेत्रीय जेई ने कंकरखेड़ा और टीपीनगर थाने पर सड़क की टाइल्स उखाड़ने वाले दुकानदारों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और क्षति पहुंचाने की तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है, मगर अभी आरोपी दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उधर, जेई के तहरीर देने की खबर के बाद से व्यापारियों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश पनप गया है।
नगरायुक्त ने रोहटा रोड के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी
गुरुवार को नगरायुक्त मनीष बंसल ने रोहटा रोड के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोलाबढ़ तालाब के निर्माण कार्य, रोहटा रोड नाला और साइड पटरी निर्माण के कार्य की गुणवत्ता को परखा। साथ ही रोहटा रोड के कुछ दुकानदारों द्वारा पटरी निर्माण के विरोध की मौके पर जानकारी ली। नगरायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता बेहतर रखने की हिदायत की है। जो कार्य चल रहे हैं। उनको समय से पूरा करने के साथ ही मानक के अनुरुप सामग्री लगाने के निर्देष दिए हैं।

