जनवाणी संवाददाता |
शामली: श्री मंदिर हनुमानधाम हनुमान टीला पर दो दिवसीय श्री हनुमान जयंती धूमधाम मनाई जा रही है। शुक्रवार को रामायण के सुंदर कांड का पाठ, हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। सैकडों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ उठाया। शनिवार को बाबा बजरंगली बली का जन्मदिन मनाया जाएगा और भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमानधाम प्रबंध समिति के तत्ववावधान में शनिवार को बाबा बजरंगबली का प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें हनुमान जी का दिव्य श्रृंगार कर छप्पन भोग प्रसाद लगाया जाएगा। सवामणि प्रसाद और भव्य दरबार आकर्षण केंद्र रहेंगे।
शुक्रवार को सुबह अखंड रामायण का पाठ शुरू किया गया। शाम को सात बजे हनुमान जी का दिव्य श्रृंगार किया गया। जिसके बाद बाबा बजरंगबली की आरती हुई। शनिवार 11:00 बजे से एक शाम टीले वाले बाबा के नाम से हनुमानजी के संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकार बाबा बजरंग बली का गुणगान करेंगे।
इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रधान सलिल द्विवेदी, सचिव राजकुमार मित्तल, जोगेंद्र पाल सेठी, पुनीत द्विवेदी, अमित जैन, मनोज मित्तल आदि उपस्थित रहे।

