- 900 टन कूड़े का निस्तरण होगा, कूड़ा से बनाया जाएगा हरित कोयला
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नवरात्र के पहले दिन नगर निगम ने अच्छी पहल की। महानगर से निकालने वाले कूड़े का निस्तारण करने को प्लांट लगाने के लिए नगर निगम ने एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लि. के साथ अनुबंध किया है। नगर निगम के सभागारों में आयोजित कार्यक्रम में नगरायुक्त सौरभ गंगवार और एनटीपीसी के जीएम अमित कुलश्रेष्ठ ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि महानगर में रोजाना 1200 मैट्रिक टन कूड़ा निकलता है। मात्र 300 टीडीपी का कूड़ा निस्तारण प्लांट लगा होने के कारण लोहिया नगर और मंगतपुरम में कूड़े के पहाड़ बहुत ऊंचे हो गए।
मंगतपुरम व गांवड़ी में भी कूड़ा निस्तारित नहीं हो पा रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कूड़ा निस्तारण प्लांट लगवाने का आग्रह किया। उन्होंने मेरठ को सौगात दी। इस प्लांट के लगने से महानगर से निकलने वाले कूड़ा का निस्तारण हो सकेगा। एनटीपीसी के जीएम अमित कुलश्रेष्ठ ने बताया कि करीब 300 करोड़ की लागत से एनटीपीसी टोरेफ एक्शन टेक्नोलॉजी का वेस्ट टू चारकोल प्लांट लगाएगी। गांवड़ी में नगर निगम ने 15 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है, जिसमें एनटीपी 10 एकड़ में प्लांट लगेगा और पांच एकड़ में ग्रीन बेल्ट के अधिष्ठापन का कार्य करेगा।
इस प्लांट में ताजे कूड़े से हरित कोयला तैयार किया जाएगा, जो बिजली बनाने के काम आएगा। यह पर्यावरण की दृष्टि से बेहद कारगर है। एनटीपीसी दो वर्ष में प्लांट स्थापित कर देगी। अब तक वाराणसी, गोरखपुर और नोएडा में प्लांट लगाए जा चुके हैं। नोएडा में 900 टीडीपी का प्लांट है, मेरठ में प्रदेश का चौथा प्लांट होगा। एनटीपीसी उत्तर प्रदेश में ग्लोबल अनुबंध कर रही है, जिससे हर नगर निगम में कूड़ा प्लांट लगाने की योजना है। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि एनटीपीसी का प्लांट लगने से यहां कूड़े का पहाड़ ऊंचा होना बंद होगा।
उन्होंने बताया कि लोहिया नगर में पुराना करीब 12 लाख टन कूड़े के निस्तारण के लिए भी 600 टीडीपी का प्लांट लगाने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। टेंडर होते ही उक्त प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर एनटीपीसी के अभियंता हिमांशु फुलोरिया, अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. हरपाल, पार्षद अनुज वशिष्ठ, विक्रांत ढाका, प्रदीप पल्हेड़ा, कुलदीप कीर्ति, संदीप रेवड़ी, संजय सैनी आदि मौजूद रहे।
नगर निगम को लगाना होगा 30 करोड़ का प्लांट
एनटीपीसी वेस्ट टृू चारकोल प्लांट लगाएगी। इस प्लांट में नगर निगम ताजा सूखा कूड़ा देगा। नाले की सिल्ट, र्इंट पत्थर या कोई भी धातु इस प्लांट में नहीं दिए जा सकते, इसलिए नगर निगम को कूड़े की छंटाई करनी पड़ेगी। गीले कूड़े को सुखाने के लिए 30 करोड़ की लागत का एक प्लांट नगर निगम को लगाना होगा।

