जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रदेश की विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए धरातल पर कार्य करने के लिए केन्द्र की रिवैम्प योजना के तहत कार्य योजना बनाकर शीघ्र ही इसे जमीन पर उतारने के साथ योजनान्तर्गत कराये जाने वाले कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदेश की सभी 762 निकायों में विद्युत व्यवस्था में सुधार करने तथा महानगरों व धार्मिक स्थलों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जितनी भी विद्युत आपूर्ति दी जा रही है, उसके सापेक्ष राजस्व वसूली पर भी प्राथमिकता से कार्य किया जाए एवं इसकी चिंता भी करें।
उन्होंने गलत बिलिंग पर बिलिंग एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, बड़े बकायेदारों पर भी कार्रवाई करने तथा जहां कहीं पर भी अधिकारियों, कर्मचारियों व एजेंसियों की कार्यों के प्रति लापरवाही पाई जाए, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को शक्ति भवन में विद्युत व्यवस्था, आपूर्ति, बिलिंग, राजस्व वसूली आदि की समीक्षा की। उन्होंने अपर मुख्य सचिव ऊर्जा तथा चेयरमैन यूपीपीसीएल को रिवैंप योजना के प्रगति कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा योजना के तहत कराए जाने वाले कार्यों का तुरंत सर्वे कराया जाए, इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना में 5550 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
इसे 3 महीनो में खर्च करना है। उन्होंने दिसंबर माह में 50 प्रतिशत से कम राजस्व प्राप्ति पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि जहां कहीं पर भी इसमें लापरवाही हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने नेवर पेड़ उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करने तथा जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उनके यहां बिजली जलती हुई न पाई जाए, इसका भी ध्यान रखने को कहा।

