- इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा को चार्ज दिए जाने पर की चेतावनी
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कैराना कोतवाल के बर्खास्त किए जाने की मांग को लेकर 13 दिसंबर को गुर्जर समाज के लोगों ने कैराना क्षेत्र में महापंचायत किए जाने की चेतावनी दी थी। भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह के आवास पर जाट व गुर्जर समाज के लोगों ने एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शीघ्र ही होने वाली महापंचायत को टाल दिया गया है।
कैराना कोतवाल प्रेमवीर सिंह राणा व महिला एसआई अंजू सिंह मामले में तत्कालीन एसपी ने दोनों को थाने से हटाते हुए एएसपी को जांच सौंप दी थी। एएसपी ने जांच रिपोर्ट में कोतवाल को क्लीन चिट दे दी थी। जिसके चलते एसपी ने कोतवाल को थाने का चार्ज सौंप दिया था।
कोतवाल को चार्ज दिए जाने पर गुर्जर समाज के लोगों में रोष फैल गया था। समाज के लोगों ने डुंडूखेड़ा में पंचायत कर शीघ्र ही कोतवाल को हटाए जाने की मांग की थी। कोतवाल को न हटाए जाने पर कैराना के गांव बुच्चाखेड़ी में महापंचायत किए जाने का ऐलान कर दिया था। समाज के लोग महापंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव दर घूमकर ग्रामीणों से संपर्क कर रहे थे।
सोमवार शाम को जाट व गुर्जर दोनों समाज के लोगों ने पूर्व मंत्री भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह के आवास पर एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान कहा गया कि मामले को लेकर दोनों समुदाय के लोगों के बीच मनमुटाव की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि 13 दिसंबर को होने वाली महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जायेगी।
इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद मलिक, संदीप प्रधान, अक्षय प्रधान, रामलखन, सुशील कुमार, संजीव प्रधान, सुंदर प्रधान, राजपाल प्रधान, पूर्व प्रधान पप्पू आदि मौजूद रहे।

