- पुलिस टीम के साथ किया पैदल मार्च
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन से थाना कोतवाली परिसर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने लोगो को जागरूक करते हुए मास्क का प्रयोग करने, सेनिटाइजर का प्रयोग करने, अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इसके साथ ही बड़े शोरूम दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।
कोतवाल सत्यप्रकाश सिंह ने पैदल मार्च के दौरान लोगों से सम्पर्क कर कहा कि संदिग्ध व्यक्ति के देखे जाने पर नागरिक सीधे इसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है।
जिसके लिए सभी को जागरूक रहकर कोरोना से बचाव की दिशा में कदम बढ़ाने होंगे। उन्होंने कहा कि बिना किसी के कहने अथवा टोकने का इंतजार किए सभी लोग मास्क का प्रयोग करें। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करें।
इसके अलावा अपने हाथों को बार-बार सेनिटाइजर अथवा साबुन से धोएं। हाथों को बार-बार चेहरे पर न लगाने व अपना नंबर आने पर वैक्सीन अवश्य लगवाने की अपील की। इसके अलावा स्टेशन मार्ग पर कोतवाल ने बड़े दुकानदारों व बड़े शोरूम वालों से अपने प्रतिष्ठान पर कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।

