- संयुक्त अरब अमीरात से गिरफ्तार हुए राजेश और अतुल गुप्ता
- सहारनपुर में सनसनी फैली, चारों ओर गिरफ्तारी की चर्चाएं
- अजय गुप्ता भी आरोपी, लेकिन अभी तक नहीं हुई है गिरफ्तारी
मुख्य संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद सहारनपुर मूल के रहने वाले गुप्ता बंधुओं यानि कि राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता की एक रोज पहले संयुक्त अरब अमीरात में गिरफ्तारी से सनसनी फैल गई है। दक्षिण अफ्रीका की कंपनियों को आर्थिक चोट पहुंचाने के आरोपी गुप्ता बंधु पिछले कुछ वर्षों से दुबई में रहकर कारोबार करने लगे थे। फिलहाल, साउथ अफ्रीका की तमाम कंपनियों को लूटने के आरोपी इन सरगनाओं की गिरफ्तारी को बड़ा कदम बताया जा रहा है। तीसरे भाई अजय गुप्ता की गिरफ्तारी फिलहाल नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक राजेश और अतुल गुप्ता को यूएई के कानून-प्रवर्तन अधिकारियों ने दबोच लिया और आगे की कार्रवाई पर अमल किया जा रहा है।
बता दें कि 90 के दशक में गुप्ता बंधु साउथ अफ्रीका पहुंचे और धीरे-धीरे वहां पैठ जमा ली। फिर राष्ट्रपति जैकब के कार्यकाल में इन्होंने तमाम वित्तीय अनियमितताओं को जन्म दिया। कई घपले-घोटाले किए। जुमा वो सारे काम करते थे, जो गुप्ता बंधु उनसे कहते थे। इसमें योग्य मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को स्थानांतरित करने से बर्खास्तगी तक शामिल थी। फिलहाल, कुछ समय से गुप्ता बंधु दुबई में रह रहे थे।
उनका मामला अदालत में विचाराधीन है। चूंकि यूएई की ओर से दक्षिण अफ्रीका के साथ प्रत्यर्पण संधि है। इसके करीब एक साल बाद ये गिरफ्तारियां हुई हैं। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के प्रशासन ने पहले अमीराती अधिकारियों से 2018 में गुप्ता परिवार के सदस्यों के प्रत्यर्पण के लिए कहा था। वहीं, अमेरिका ने अगले वर्ष उन पर वीजा प्रतिबंध से लेकर संपत्ति फ्रीज करने तक पर पाबंदी लगा दी थी। इंटरपोल ने फरवरी में दोनों भाइयों को अपनी मोस्ट-वांटेड लिस्ट में शामिल किया। एक रोज पहले राजेश और अतुल गुप्ता की गिरफ्तारी हुई तो सहारनपुर में सनसनी फैल गई।

