- योगी सरकार के 4 साल में शामली में हुआ अभूतपूर्व विकास
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जनपद के प्रभारी व इलैक्ट्रोनिक एवं सूचना प्रोद्योगिकी विभाग मंत्री अजीत पाल सिंह ने कहा कि शामली जनपद विगत 04 वर्षों में अभूतपूर्व विकास करके प्रदेश में अग्रणी स्थान पर है। आयुष्मान कार्ड बनाने में शामली जनपद प्रदेश में चौथे स्थान पर है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में 01 लाख 37 हजार 297 किसानों को लाभांवित कर जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में शामली जनपद में विकास कार्यो की उपलब्धि गिनाते हुए बताया कि सेतु निगम द्वारा काबडौत एवं सल्फा में दो बडे पुल बनाये गए है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में एक लाख 37 हजार 297 कृषकों को लाभांवित किया गया।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामाजिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। जिन ग्रामों में पंचायत भवन नही थे, वहां पंचायत भवनों का निर्माण कराया गया। अपराधों में प्रभावी नियंत्रण के कारण विकास के लिए अनुकूल वातावरण का सृजन हुआ है। नहरों की सफाई कर करके टेल तक पानी पहुंचाया जा रहा है। विगत चार वर्षो में 44 हजार वृद्धों को वृद्धा पेशन, 14155 को विधवा पेंशन तथा 7536 लोगों को दिव्यांग पेशन दी जा रही है।
कन्या सुमंगला योजना में अब तक 5370 बालिकाओं को लाभांवित किया गया। गन्ना भुगतान पर अवगत कराया गया पिछले वर्ष का समस्त भुगतान किया जा चुका है। शामली में सर्वाधिक विद्युत सब स्टेशन, राजकीय इंटर कालेज, महाविद्यालय एवं आईटीआई का निर्माण कराया जा रहा है। विद्युत के क्षेत्र में 33/11 केवीए विद्युत उपकेन्द्र झाल, एवं 400/132 केवीए ट्रांसमीशन सब स्टेशन बंतीखेडा के दो बडे प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य चल रहा है।
इस अवसर पर विधायक तेजेन्द्र निर्वाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड कश्यप, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरबीर मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेन्द्र तोमर, जिलाधिकारी जसजीत कौर, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एएसपी ओपी सिंह, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी आदि मौजूद रहे।

