जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद हफ्ते के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में निवेशकों के उत्साह के चलते बाजार हरे निशान में खुला और प्रमुख सूचकांकों में तेज उछाल देखने को मिला।
सुबह 9:57 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 803.35 अंक (1.04%) की बढ़त के साथ 77,716.85 पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 245.80 अंक (1.02%) की तेजी के साथ 24,243.35 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
इस दौरान रुपये में भी हल्की कमजोरी देखने को मिली और यह डॉलर के मुकाबले 9 पैसे टूटकर 94.93 पर पहुंच गया।
चुनावी नतीजों पर बाजार की नजर
निवेशकों की नजर सोमवार को आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों पर भी टिकी हुई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि राजनीतिक स्थिरता से आर्थिक गतिविधियों पर सकारात्मक असर पड़ सकता है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
विशेषज्ञों की राय
बाजार जानकारों के अनुसार, पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में संभावित राजनीतिक स्थिरता से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और निवेश माहौल बेहतर हो सकता है।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि केरल और तमिलनाडु में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बाजार के लिए सकारात्मक संकेत दे रही हैं। कुछ विश्लेषकों के मुताबिक, इस तेजी के चलते निफ्टी 50 आने वाले समय में 25,000 के स्तर तक पहुंच सकता है।
ऑटो सेक्टर में जोरदार उछाल
ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के शेयरों में सोमवार को करीब 5% की तेजी दर्ज की गई।
कंपनी ने अप्रैल में 2,39,646 यूनिट्स की रिकॉर्ड बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 33.29% अधिक है। मजबूत मांग के चलते कंपनी के शेयर बीएसई पर 13,972.50 रुपये और एनएसई पर 13,976 रुपये तक पहुंच गए।

