जनवाणी संवाददाता |
गढ़ीपुख्ता: ऊन-थानाभवन रोड स्थित जाफरपुर बस स्टैंड चौराहे पर सोमवार को डीसीएम और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार 5 वर्षीय बच्ची नूर पुत्री शाकिर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 वर्षीय आयशा पुत्री आमिर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को उपचार के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी आमिर पुत्र सत्तार अपनी पुत्री आयशा और भतीजी नूर को बाइक पर बैठाकर जा रहे थे। जैसे ही वह जाफरपुर बस स्टैंड चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही डीसीएम से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नूर सड़क पर गिर गई और डीसीएम के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आयशा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। गढ़ी अब्दुल्ला खां चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने परिजनों के अनुरोध पर पंचनामा भरने के बाद शव उन्हें सौंप दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

