- कोरोना वैक्सीन लगवाने से डरने की कोई आवश्यकता नहीं: एसडीएम
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नगर में प्रशासनिक अधिकारियो, कर्मचारियों व चिकित्सकों ने कोरोना वैक्सीन के टीके लगवाएं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों व चिकित्सकों ने कहा कि सुरक्षा के लिए कोरोना वैक्सीन लगवाने से डरने की आवश्यकता नहीं है।
नगर के स्वास्थ्य कन्द्रों पर टीकाकरण अभियान लगभग 80 प्रतिशत से अधिक सफल रहा। एसडीएम बृजेश कुमार सिंह व तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने कहा कि जो स्वास्थ्यकर्मी व राजस्व कर्मी टीका लगवाने से रह गए हैं वे शीघ्र टीका लगवाएं।
शुक्रवार को नगर के पीएचसी,सीएचसी, लाला भोजाराम नेत्र चिकित्सालय में चले टीकाकरण अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र समीपुर पर एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा सहित अधिकारियों ने कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाया वहीं तहसीलकर्मियों ने तहसील के खंड विकास कार्यालय में लगे शिविर में टीके लगवाए।

इसके अलावा चिकित्सकों डा. एस के जौहर, डा. अंशुल त्यागी, डा.कल्पना त्यागी,डा.शरद माहेश्वरी आदि ने बड़ी संख्या में पहुंच कर टीके लगवाएं। कोरोना नोडल डा.फैज हैदर ने बताया कि पीएचसी में 105,सीएचसी प्रथम खंड में 74,सीएचसी खंड 2 में 93, ब्लाक परिसर नजीबाबाद में 101 लोगों ने टीके लगवाएं।
सभी केन्द्रों पर 125-125 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। इस अभियान में लगभग 460 अधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों व चिकित्सकों के टीके लगाए गए। डा. फैज हैदर ने बताया कि सभी को वैक्सीन देने के बाद लगभग 30 मिनट गहन निगरानी में रखा गया। सभी लोग सामान्य रहे।

