- निजी हाथों में जाने के बाद प्रैक्टिस को तरसे शूटर, एक बार भी एसोसिएशन की नहीं हुई आम सभा
- एमडीआरए की रेंज में आते हैं गिने चुने खिलाड़ी
- स्विमिंग पूल के पीछे खुद की रेंज बनाकर करना पड़ रहा अभ्यास
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देश और दुनिया को एक से बढ़कर एक शानदार निशानेबाज देने वाला मेरठ जिला राइफल एसोसिएशन पांच साल से शोपीस बन कर रहा। बुधवार को इस एसोसिएशन का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार में एक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने तत्कालीन डीएम पंकज यादव पर दबाव डालकर इस प्रतिष्ठित एसोसिएशन को निजी हाथों में दिलवा दिया था।
तब से लेकर अब तक न तो एक भी प्रतियोगिताएं हुई और न ही एक बार भी आम सभा बुलाई गई। अब हालत यह है कि मध्यमवर्गीय परिवारों के प्रतिभाशाली शूटरों को प्रैक्टिस के लिये शूटिंग रेंज तक नहीं मिल रहा है जबकि पैसे वाले घरों के शूटर बेहिचक प्रैक्टिस कर रहे हैं। जबकि स्थानीय शूटरों को स्विमिंग पूल के पास रेंज बनाकर प्रैक्टिस करनी पड़ रही है।

मेरठ राइफल एसोसिएशन ने देश के लिये एक से बढ़कर एक शूटर दिये हैं। शुरुआत से एसोसिएशन सरकारी हाथों में रही है और साल भर तमाम प्रतियोगिताएं होती थी। पांच साल पहले समाजवादी पार्टी की सरकार में कुछ लोगों ने इस एसोसिएशन को अपने हित के लिये इसे निजी हाथों में ट्रांसफर करवा दिया था। तब से स्टेडियम में स्थित शूटिंग रेंज प्राइवेट हाथों में चली गई।
इस एसोसिएशन के अध्यक्ष जिला अधिकारी और सचिव सिटी मजिस्ट्रेट होते हैं। इन पांच सालों में शूटर तरस गए कि प्रतियोगिता करा ली जाए, लेकिन एसोसिएशन से जुड़े लोगों के निगेटिव एप्रोच के कारण खेल होना तो दूर बैठकें भी नहीं हुई। एमडीआरए की यह रेंज पांच सालों से निजी हाथों में है। जिस कारण कैलाश प्रकाश स्टेडियम के खिलाड़ियों को यहां प्रवेश की अनुमति नहीं है।
स्टेडियम के खिलाड़ी स्विमिंग पूल के पीछे की ओर बनी रेंज में अभ्यास करते हैं। वहीं, जो खिलाड़ी आर्थिक रुप से सक्षम हैं वह अभ्यास करने के लिए शहर से बाहर जाते हैं। यह कहा जा सकता है कि एमडीएआरए की यह शूटिंग रेंज लोकल खिलाड़ियों के लिए नहीं बनी है। फिलहाल लॉकडाउन के कारण एमडीआरए रेंज में जो बाहरी खिलाड़ी अभ्यास भी करते हैं, उनकी संख्या भी दिनोंदिन कम होती जा रही है। लॉकडाउन के बाद से रेंज में कुछ ही खिलाड़ी अभ्यास करते हैं।
कई राष्ट्रीय खिलाड़ी स्टेडियम में करते हैं अभ्यास
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कई राष्ट्रीय खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। वहीं, इनमें से कई खिलाड़ियों ने इंडिया टीम के लिए ट्रायल भी दिए हैं। खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम प्रशासन ने स्विमिंग पूल के पीछे की ओर रेंज की व्यवस्था की हुई है। जिसमें नेशनल खिलाड़ी अभिनव चौहान (इंडिया ट्रायल), अनिकेत राजपूत (इंडिया ट्रायल), सूरज(इंडिया ट्रायल), नेशनल खिलाड़ी चेतन राजपूत अभ्यास करते हैं। फिलहाल ये खिलाड़ी जयपुर में चल रही नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में भी हिस्सा ले रहे हैं।
रेंज का होना है विस्तार सीएम प्रोजेक्ट में है शामिल
मेरठ में आधुनिक शूटिंग रेंज के निर्माण को लेकर काफी समय से कवायद चल रही है। लेकिन कोविड काल के कारण इसमें विलंब हो गया था। वहीं, इस आधुनिक रेंज निर्माण के लिए कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम को ही चिन्हित किया गया है। यह योजना मुख्यमंत्री के प्रोजेक्ट में शामिल है।
जिसके तहत एमडीआरए की शूटिंग रेंज का ही विस्तार किया जाएगा। संक्रमण काल के कारण इस योजना पर अभी कार्य नहीं शुरु हो सका है। तैयार होने वाली रेंज में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाएं खिलाड़ियों को दी जाएंगी। जिसके बाद निजी हाथों में सौंपी गई एमडीआरए रेंज भी सरकारी हाथों में होगी।
एमडीआरए की फाइल पर काम चल रहा है। फाइल मंगवा कर स्थिति देखी जाएगी और यथोचित कार्रवाई की जाएगी। -के. बालाजी, जिलाधिकारी मेरठ

