- दो बदमाशों ने की फायरिंग ट्रक चालक को पैमेंट देने के बाद हुई कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेडिकल थानांतर्गत मंगल पांडेय नगर में स्थित एक धर्मकांटे में पिस्टल के बल पर बदमाशों ने मालिक के बेटे से तीन लाख 20 हजार रुपये लूट लिये। लूट से पहले एक ट्रक मालिक को धर्मकांटे में बैठे मालिक के बेटे ने 40 हजार रुपये का भुगतान किया था। तड़के सुबह हुई लूट की घटना से हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों से पूछताछ की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
बदमाशों को पकड़ने के लिये चार टीमें लगाई गई है। जागृति विहार सेक्टर एक निवासी राकेश अग्रवाल का मंगल पांडे नगर में श्रीओम धर्मकांटा है। हर रोज की तरह सुबह पांच बजे राकेश कुमार घर चले गए और उनका बेटा उपेश अग्रवाल धर्मकांटे पर आ गए। उपेश अपने साथ 3.60 लाख रुपये लेकर आये थे। उन्होंने कैश को टेबल की दराज में रख दिया। यहां रोड़ी, डस्ट और सीमेंट के ट्रक आते रहते हैं जिसका पेमेन्ट करना होता है।
इसके चलते ही कैश लेकर आए थे। करीब 6:15 पर एक ट्रक चालक वहां आया और उपेश ने उसे 40 हजार का पेमेंट कर दिया। उपेश ने बताया कि पेमेन्ट करने के पांच मिनट बाद भी दो बदमाश आ धमके। उस वक्त वह हिसाब लिख रहे। बदमाशों ने उनके कार्यालय पर गोली चलायी, जो शीशे को तोड़ते हुए भीतर दीवार में आ धंसी। वह बाल बाल बच गई। बदमाशों ने आते ही काउंटर में लात मारी और उसे गिरा दिया।
उन्होंने आते ही कैश मांगा, मना किया तो गन उनकी कनपटी पर तान दी। वह अंदर की तरफ भाग गए। बदमाशों ने दराज में रखे तीन लाख 20 हजार रुपये निकाले और कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट करके खड़े तीसरे बदमाश के साथ फरार हो गए। बदमाशों के जाते ही उपेश ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिससे हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर मेडिकल संत शरण सिंह के अलावा स्वाट टीम मौके पर पहुंची।
स्वाट के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने धर्मकांटे पर लगे सीसीटीवी को देखा तो उसमें तीन बदमाश दिखायी दे रहे हैं, लेकिन थोड़ा अंधेरा और कोहरा होने के चलते साफ नहीं दिखायी दे रहे। बदमाशों के चेहरे खुले थे। पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर को कब्जे में ले लिया। पुलिस रुपेश को एसओजी कार्यालय भी ले गई और कुछ बदमाशों के फोटो दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की।
घटना की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द केस को खोलने का प्रयास किया जाएगा। बदमाशों को पकड़ने के लिये चार टीमें लगाई गई है।
लूट की तीसरी वारदात
मंगलपांडे नगर में श्रीओम धर्मकांटा के समीप ही पिछले चार दिनों में लूट की यह तीसरी घटना है। दो दिन पहले सुधाकर मुद्रणालय के समीप पैदल आ रही एक युवती से बदमाश पर्स लूटकर फरार हो गए। युवती ने शोर भी मचाया पर कोई मदद को नहीं आया।
यही नहीं पास में ही चार दिन पहले भी बदमाशों ने इसी रोड पर एक युवक का मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की पर सफल नहीं हो पाए। यह स्थिति तो तब है, जबकि यहां धर्मकांटा के समीप ही फैंटम मोबाइल रहती है। थोड़ा आगे गढ़ रोड मोड पर पुलिस की 112 नंबर गाड़ी भी खड़ी होती है। इसके बावजूद बदमाश इस इलाके को लूट के लिये सबसे सुरक्षित मानने लगे हैं।
सात साल पहले भी हुई थी लूट
श्रीओम धर्मकांटा पर पांच साल पहले भी लूट हुई थी। उस वक्त भी बदमाशों ने मोटी रकम होने के चक्कर में धावा बोला था। तब राकेश अग्रवाल धर्मकांटे पर थे। बदमाशों को वहां कैश नहीं मिला तो बदमाश तमंच की बट मार उनका मोबाइल फोन लेकर भाग गए थे।

