- जागृति फाउंडेशन बनवा रहा है अत्याधुनिक कूड़ा घर
- फिनलैंड की कंपनी के पॉलीबैग में जमा होगा कूड़ा करकट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कूड़ाघर का नाम सामने आते ही आप नाक भौं सिकोड़ेंगे, लेकिन हम आपको बताते हैं कि अब आपके मेरठ में ऐसा कूड़ाघर बन रहा है। जहां आप तसल्ली से न सिर्फ कूड़ा डाल सकेंगे। बल्कि यहां इत्मीनान से बैठकर अखबार भी पढ़ सकेंगे। सुनने में यह बात आपको अटपटी जरूर लग सकती है, लेकिन नगर निगम ने इस करिश्मे को अंजाम दे दिया है। हजारी की प्याऊ के पास नगर निगम ने अत्याधुनिक कूड़ा घर बनाया है। यह ऐसा कूड़ा घर है। जहां आपको कूड़ाघर होने का अहसास भी नहीं होगा। नगर निगम का यह अत्याधुनिक कूड़ाघर निर्माण के अंतिम चरण में है। ऐसे ही छह अत्याधुनिक कूड़ा घर शहर में और खोले जा रहे हैं।
जागृति फाउंडेशन अजमेर के सहयोग से मेरठ को कचरा मुक्त नगर बनोन की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया गया है। कचरा मुक्त नगर के दृश्य की परिकल्पना के अनुसार सड़क पर कचरा नहीं मिलेगा। गंदगी के कारण कोई बीमार नहीं होगा तथा प्लास्टिक से गौ माता को बचाया जा सकेगा। जागृति फाउंडेशन की ओर से हजारी की प्याऊ पर अत्याधुनिक कूड़ा घर बनाया जा रहा है। इस कूड़ाघर में फिनलैंड की कंपनी के ऐसे पॉलीबैग को लगाया जा रहा है। जिसमें आप बीस वर्ष तक कूड़ा डालकर इसका उपयोग कर सकते हैं। इस कूड़ा घर में फिनलैंड से आये इन पॉलीबैग की यह खासियत है कि इसमें कूड़ा डलने के बाद उससे दुर्गंध बाहर नहीं निकलती है।

बल्कि वह दुर्गंध अंदर ही रहती है। फिर जब यह पॉलीबैग भर जायेगा। तब इस पॉलीबैग को नगर निगम की गाड़ी में कूड़ा डालकर पॉलीबैग को फिर इसी जगह लगा दिया जायेगा। यहां अभी दो पॉलीबैग लगाये गये हैं। ऊपरी तौर पर यह पानी की टंकी के समान दिखते हैं। जबकि जमीन में लगभग 15 फिट गहरे इसमें गड्ढे किये गये हैं। जिसमें कूड़े का स्टोरेज हो सकेगा। जागृति फाउंडेशन के अभियंता सुनील चौरसिया ने बताया कि इस पॉलीबैग में नाली का मलबा, गोबर, कीचड़, घर का मलबा, कांच के बड़े टुकड़े तथा जलती वस्तु नहीं डाली जा सकती।
पॉलीबैग में यह प्रतिबंधित वस्तुएं डालने से यह क्षतिग्रस्त हो जायेगा। इसका उपयोग ऐसे है कि आप यहां कूड़ा डालने आयें। कंपनी की ओर से यहां बैठने के लिए चार बेंच लगाई गई हैं तथा पढ़ने के लिए समाचार पत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा। अब तक यह होता आया है कि कूड़ाघर का नाम सामने आने पर आदमी सोचता है कि यह बदबूदार स्थान होगा, लेकिन हमारा दावा है कि आपको यहां नाममात्र की भी बदबू नहीं मिलेगी। बल्कि यहां आपको ऐसा अहसास होगा कि कहीं पार्क में बैठे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में छह अन्य स्थानों पर भी यह पॉलीबैग लगाने की प्रक्रिया निर्माणााधीन है।

