- शिकायत लेकर पहुंचे घायल को पुलिस चौकी मिली खाली
- वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने सीओ को सौंपी जांच
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: ग्राम बास्टा स्थित पुलिस चौकी पहुंचे एक घायल युवक को पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी नदारद मिले। पुलिस कर्मियों के न मिलने पर घायल युवक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के जरिए वायरल कर दी। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को मामले की जांच सौंपी है।
पुलिसकर्मी अपने कार्य के प्रति तथा चौकी व थाने में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण के प्रति कितने मुस्तैद हैं इसकी एक बानगी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो देखने को मिली है । क्षेत्र के बसेड़ा का रहने वाले युवक के साथ गांव में ही मारपीट की गई थी।
लहूलुहान हालत में युवक अपनी पत्नी को साथ लेकर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बास्टा पुलिस चौकी पहुंचा था। चौकी पहुंचा युवक अर्धनग्न हालत में था उसके पेट व सीने पर चोट के निशान थे और उनसे खून बह रहा था। युवक ने चौकी में काफी देर तक पुलिस कर्मियों को आवाज लगाई। आवाज लगाकर उनसे कार्रवाई की गुहार लगाई काफी देर बाद भी जब कोई पुलिसकर्मी उसे दिखाई नहीं दिया।
खाली पड़ी पुलिस चौकी की युवक ने वीडियो बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। खाली पुलिस चौकी की वीडियो वायरल होने पर हरकत में आए पुलिस अधीक्षक मामले का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभ सुचित कुमार को सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि वीडियो वायराल करने वाला युवक नशेड़ी प्रवृति का है। वह पुलिस चौकी बास्टा पहुंचा था। उस दिन क्षेत्र के तीन युवक गंगा नदी में डूब गये थे। जिसके चलते अधिकांश पुलिस कर्मी वहां चले गये थे।

