- शिविर में स्टील और कागज के बर्तन इस्तेमाल के निर्देश
- संचालक और सहयोगियों का समय से वैरीफिकेशन कराएं
जनवाणी संवाददाता |
शामली: श्रावण मास की कांवड यात्रा को सकुशल शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले धर्म स्थल के पुजारी, प्रबंधक, शिविर संचालक, पेट्रोल पंप संचालक, होटल, ढाबा के संचालक, मीट, अंडा, मछली विक्रेता के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शिविर संचालकों से कहा कि समय से शिविर लगाने की परमिशन ले लें, बिना परमिशन के कोई शिविर नहीं लगेगा। साथ ही, शिविर आयोजन में सहयोगियों का भी वेरीफिकेशन अवश्य कराएं। प्रत्येक स्थल पर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था दुरुस्त रहेगी ताकि असुविधा ना हो। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश है कि अबकी बार प्लास्टिक मुक्त कावड़ यात्रा हो इसलिए स्टील व कागज के बर्तनों का इस्तेमाल हो। शिविर संचालकों से कहा कि मंदिर व लगने वाले शिविरों में मैमोरी वाले सीसीटीवी कैमरे लगे हो। शिविर स्थल के पास डस्टबिन रखे जाएं। शिविर स्थल पर किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गाने ना बजाया जाए। शिविर उस ओर ही लगाए जिस ओर हरिद्वार से शिवभक्त गंगाजल लेकर आएं। उन्होंने शिविर संचालकों से अपेक्षा की कि शिविर इतना भव्य हो की दूर से आने वाले शिव भक्तों को लगे कि जनपद में अच्छा आयोजन हुआ है। इस बार महिलाओं के लिए स्पेशल शिविर भी बनाए जाएंगे।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा होटल, ढाबा संचालकों से निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा करने के लिए कहा गया। साथ ही, बताया कि कावड़ मार्गों पर पड़ने वाली नॉनवेज व आबकारी की दुकानों को बंद कराया जाएगा। मार्गों पर 24 घंटे विद्युत निर्बाध रहेगी। जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों से कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त हो। यदि कहीं कोई समस्या है तो उसके बारे में अवगत कराया जाए ताकि उसका समय से निस्तारण किया जा सके।
जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से मिलजुल कर सौहार्दपूर्ण तरीके से कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराए जाने की अपेक्षा की। बैठक में एडिशनल एसपी ओपी सिंह, एसडीएम सदर विशु राजा, पुलिस क्षेत्राधिकारी, धर्मस्थल के पुजारी, प्रबंधक, शिविर संचालक, पेट्रोल पंप संचालक, होटल, ढाबा संचालक, नॉनवेज के विक्रेता आदि मौजूद रहे।

