- सामूहिक पंचायत में आज सड़क जाम के तय किए गए बिन्दु
- बड़ौत में देशखाप चौधरी के आवास पर हुई पंचायत में दी गई मुख्य लोगों को जाम की जिम्मेदारी
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: किसानों के कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद के लिए बड़ौत में क्षेत्र के गणमान्य लोगों की हुई पंचायत में बंद को पूर्ण रूप से सफल बनाने की बात तय की गई। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि यदि किसान एकजुट नहीं हो पाए तो सरकार कृषि कानूनों से बर्बाद करके रख देगी।
किसानों पर केन्द्र सरकार के अत्याचार को लेकर किसान सहन नहीं करेंगे। दिल्ली बॉर्डर पर धरनारत किसानों के आह्वान पर भारत बंद में किसानों ने पूर्ण समर्थन दिया। पंचायत में बंद करने के स्थान तय किए गए। गांवों के मुख्य लोगों को बिन्दुवार जाम स्थल पर रहने की जिम्मेदार दी गई।
सोमवार को पूर्व घोषित समय के अनुसार पंचायत का आयोजन किया गया। देशखाप चौधरी के आवास पर हुई पंचायत में विभिन्न गांवों से आए लोगों से भारत बंद के विषय में सलाह दी गई। उनसे जाम स्थल कहां-कहां रहेंगे और किस-किस गांवों के लोग रहेंगे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बंद ऐसी जगह होने चाहिए, जहां से बंद सफल हो सके। साथ ही यह भी हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार का किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए।
बीमार लोगों के लिए जा रही एंबुलेंस, परीक्षा देने जाने वाले छात्रों व शादी-विवाह में जाने वालों को छूट रहेगी। इस मौके पर देशखाप चौधरी सुरेन्द्र सिंह पर ही सभी वक्ताओं ने बात डाल दी थी कि वह जो निर्णय लेंगे। सभी किसान उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएंगी। अंत में देशखाप चौधरी सुरेन्द्र सिंह ने सभी के समक्ष अपना निर्णय दिया।
उन्होंने बताया कि बड़ौत में बड़ौली के पास पूर्वी यमुना नहर पुल पर बड़ौली, बड़ौत, वाजिदपुर आदि गांव के लोग शामिल होंगे। जौहड़ी और बिनौली आसपास के लोग मेरठ-बड़ौत मार्ग पर जाम लगाएंगे। बावली, किशनपुर बराल, रमाला, ककड़ीपुर आदि में भी किसान जाम लगाएंगे।
छपरौली-बड़ौत रोड पर लोयन मलकपुर, छपरौली, सिनौली-नंगला में भी जाम रहेगा। बड़ौत-कोताना मार्ग पर जोनमाना, बोहला में जाम रहेगा। बोहला-नैथला मार्ग पर लुहारी, खामपुर, खेड़ा इस्लामपुर, निनाना आदि में जाम रहेगा। बड़ौत अमीनगर सराय पर फतेहपुर पुट्ठी में जाम रहेगा।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बिजरौल, बामनौली, पुसार, दाहा, भड़ल में जाम रहेगा। देशखाप चौधरी ने सभी से आह्वान किया कि वह भारत बंद में सड़क जाम रखेंगे। शांति के साथ सड़क पर रहेंगे। वहीं पंचायत में वक्ताओं ने सलाह दी कि स्कूल, कालेज, अधिवक्ताओं व्यापारियों आदि वर्गों से भारत बंद में सहयोग लेने की सलाह दी गई। सभी को जिम्मेदारी देते हुए देशखाप चौधरी ने लोगों से शांति के साथ बंद को सफल बनाने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने इस मौके पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के उस बयान के बारे में, जिसमें उन्होंने किसानों के कई संगठन बनने से किसानों की एकजुटता कमजोर होना बताया है कहा कि उनकी बात सही है। उन्होंने कहा कि किसान एकजुट रहेंगे तो वह मजबूत होंगे।
पंचायत की अध्यक्षता डा. ओमवीर सिंह व संचालन मुनेश बरवाला ने किया। पंचायत में यशपाल थांबा चौधरी, बृजपाल थांबा चौधरी, जयपाल थांबा चौधरी, ओमवीर चौधरी थांबा चौधरी, देवेंद्र थांबा चौधरी, रोहित जाखड़ प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय जाट महासंघ, विराज तोमर जिला पंचायत सदस्य, पूर्व विधायक अजय तोमर, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, राजेंद्र तोमर जिला पंचायत सदस्य, राजेंद्र दोघट, प्रमेन्द्र तोमर युवा जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल, गौरव बड़ौत युवा नेता, वीरेश प्रधान बामनौली, कृष्णपाल पहलवान तुगाना, विनोद खेड़ा, विश्वास चौधरी, आशुतोष सभासद, डा. इरफान मलिक नगर रालोद अध्यक्ष, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार, देशपाल बावली, कटार सिंह मास्टर, कृष्णपाल जोनमाना, राजू तोमर सिरसली प्रधान, विनेश राणा उर्फ बिन्नू, पप्पन राणा, शौकेन्द्र पहलवान, रामकुमार चेयरमैन आदि ने विचार रखे।
बड़ौत में हुई पंचायत में मौजूद किसान।

