जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: साईंपुरम में निर्माणाधीन भाजपा नेता की फैक्ट्री पर शनिवार को एमडीए ने सील लगा दी। करीब एक हजार वर्ग गज में भाजपा नेता फैक्ट्री का निर्माण करा रहे थे। एमडीए इंजीनियरों की टीम दोपहर मौके पर पहुंची तथा सील की कार्रवाई में जुट गई।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया, लेकिन इंजीनियरों की टीम ने एक नहीं सुनी तथा सील लगा दी। भाजपा नेता विकास गुप्ता की फैक्ट्री का साईंपुरम में निर्माण कार्य चल रहा था। इसे पहले नोटिस भी दिये गए, लेकिन इसके बाद भी निर्माण नहीं रोका गया।
इसके बाद एमडीए इंजीनियरों की टीम ने पहले चालान काटा, फिर ब्रह्मपुरी थाने को पत्र भेजकर निर्माण रुकवाने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने भी निर्माण नहीं रुकवाया। क्योंकि निर्माण भाजपाइयों का हैं, इसलिए पुलिस भी पीछे हट गई। पूरा मामला प्राधिकरण उपाध्यक्ष मृदुल चौधरी के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद अवैध निर्माण को शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया गया।
प्राधिकरण सूत्रों का कहना है कि निर्माण को लेकर भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा समेत कई नेता विकास गुप्ता के पक्ष में एमडीए में भी पहुंचे थे। एमडीए द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध भी कर रहे हैं। निर्माण को लेकर भाजपा व एमडीए इंजीनियरों के बीच टकराव की नौबत पैदा हो सकती है।
इससे पहले भी कई भाजपा नेताओं के निर्माण पर एमडीए ने कार्रवाई की है, जिसके चलते भाजपा नेता नाराज हो गए हैं। भाजपाइयों ने हापुड़ रोड, जाकिर कॉलोनी, लिसाड़ी रोड समेत कई स्थानों का उदाहरण देते हुए अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया है।

