- देहात क्षेत्र के लोग नहीं पहुंचे शहर, गली बाजार रहे सूने-सूने
जनवाणी टीम |
सहारनपुर: मुकद्दस माह रमजान का पहला जुमा प्रशासन के निर्देशानुसार सोशल डिस्टेंसिंग के साथ अदा किया गया। शहर की मस्जिदों में नमाजियों ने खुदा की इबादत की। कोरोना काल के कारण देहात क्षेत्र के लोग शहर में नमाज अदा करने नहीं आए जिसके चलते नगर के बाजार सूने-सूने नजर आए।
देवबंद प्रतिनिधि के मुताबिक कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में शुरू हुए पवित्र माह रमजान मुबारक का पहला जुमा अकीदतमंदों ने धार्मिक श्रद्धा के साथ अदा किया। हालांकि कोरोना संक्रमण से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अधिक्तर लोगों ने अपने मोहल्लों की मस्जिदों में ही सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जुमा क नमाज अदा की।
वहीं देहात क्षेत्र से भी जुमा की नमाज अदा करने के लिए ग्रामीण शहर नहीं पहुंचे। इसके चलते नगर की प्रमुख रशीदिया मस्जिद भी पूरी तरह खाली रही। इतना ही नहीं दारुल उलूम की छत्ता मस्जिद के दरवाजे शहरियों के लिए बंद रखे गए और केवल संस्था के चंद उस्तादों ने इमाम के पीछे नमाज अदा की। नगर की जामा मस्जिद में दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद कारी वासिफ उस्मानी ने जुमा की नमाज अदा कराई।
नमाज के उपरांत देश व दुनिया में अमन चैन और पूरी दुनिया में कहर बरपा रही बीमारी कोरोना के खात्मे के लिए दुआ कराई गई।
बेहट प्रतिनिधि के मुताबिक माहे रमजान के पहले जुमे की नमाज कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पुरसुकून तरीके से अदा की गई। जुमे की नमाज के लिए मस्जिदों में पहुंचे लोगों ने मास्क का इस्तेमाल किया और सरकार द्वारा गाइडलाइन का पूरी तरीके से पालन किया।
रमजान उल मुबारक के पहले जुमे की नमाज अदा की गई मस्जिदों में वजू करने के लिए पानी के साथ साबुन और हैंड वॉश का इंतजाम किया गया था लोगों ने मास्क का इस्तेमाल किया ताकि की सरकार की गाइडलाइन को फॉलो किया जा सके मस्जिद के इमाम सुबह से ही मस्जिद के माइको से जुमा में दाखिल होने वाले लोगों के लिए बराबर ऐलान कर रहे थे कि सभी लोग मास्क लगाकर मस्जिद में दाखिल हो इस ऐलान के बाद लोगों ने मस्जिद में दाखिल होने से पहले ही अपने चेहरों पर मास्क लगा लिए थे।
गंगोह प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र व नगर में पवित्र रमजान के पहले जुमे की नमाज विभिन्न मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज के बाद मुल्क व कौम की बेहतरी के लिए दुआ भी की गई। मदरसा अशरफ उल-उलूम मस्जिद, जामा मस्जिद, बहारली मस्जिद, पठानों वाली मस्जिद, पीठ बाजार, नूरी मस्जिद के अलावा सांगाठेड़ा, कुंडा की अनेक मस्जिदों में नमाज अदा की गई।
गर्मी के बावजूद लोगों ने नमाज में हिस्सा लिया। नमाज के बाद मुल्क व कौम की बेहतरी के लिए दुआ भी की गई। नगरपालिका ने भी इस अवसर पर सफाई करा कर चूना डलवा दिया।

