- स्टेडियम में गाइडलाइन के चलते सिर्फ राष्ट्रीय और स्टेट खिलाड़ियों को मिल रहा प्रवेश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना संक्रमण तेजी से शहर में बढ़ता जा रहा है। लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों से हर तरफ इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। वहीं, खेल और खिलाड़ी भी एक बार फिर से संक्रमण से प्रभावित होते नजर आ रहे हैं। संक्रमण के कारण खेल अकादमियों और स्टेडियम द्वारा प्रशिक्षण के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई हैं। ऐसे में ज्यादातर खिलाड़ियों को आॅनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
साथ ही डाइट प्लान और रुटीन प्लान बनाकर घर पर ही खिलाड़ियों को दिया जा रहा है। जिससे संक्रमण काल में भी अभ्यास पर असर न पड़े। कैलाश प्रकाश स्पोट्स्र स्टेडियम में कोविड-19 के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पहले ही जरुरी दिशा-निर्देश खिलाड़ियों के लिए जारी किए जा चुके हैं। ऐसे में सिर्फ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को स्टेडियम के मैदान में प्रवेश दिया जा रहा है।
वहीं, इंडूर खेलों में भी सावधनियों का ध्यान रखा जा रहा है। इसके चलते ज्यादातर खिलाड़ियों ने घर बैठे ही आॅनलाइन प्रशिक्षण लेना शुरु कर दिया है। खेल प्रशिक्षक अब पिछले वर्ष की भांति ही खिलाड़ियों को आॅनलाइन प्रशिक्षण दे रहे हैं। जिसके तहत सभी खिलाड़ियों को डे रुटीन और डाइट प्लान तक तैयार कर भेजा रहा है। वहीं, वीडिया कॉल के जरिए भी अभ्यास सत्र का आयोजन किया जा रहा है।
बता दें कि पिछले वर्ष भी कोरोना संक्रमण के चलते खेल अकादमियों औ खेल मैदानों पर ताले लगा दिए गए थे। जिस कारण खेलों पर गहरा असर पड़ा था और खिलाड़ियों को भी घर में कैद होना पड़ा था। इसके बीच आॅनलाइन प्रशिक्षण का दौर जारी था। यही आलम एक बार फिर से शुरु होता जा रहा है। खेलों पर संक्रमण का प्रभाव साफ तौर पर देखा जा रहा है।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में इन दिनों खिलाड़ियों की संख्या भी कम होने लगी है। सुबह और शाम के समय जहां मैदान में खिलाड़ियों की भीड़ देखने को मिलती है। वहीं, इन दिनों सिर्फ गिने चुने खिलाड़ियों को ही मैदान में प्रवेश दिया जा रहा है। ऐसे में सभी खिलाड़ियों को उचित दूरी का पालन करने के भी निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही सभी खिलाड़ियों को सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के लिए भी कहा गया है।
जूम और गूगल मीट के जरिए दिया जा रहा प्रशिक्षण
कोरोना संक्रमण के चलते खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षक घर बैठे गूगल मीट और जूम ऐप के जरिए प्रशिक्षण दे रहे हैं। एथलेटिक कोच गौरव त्यागी ने बताया कि संक्रमण के चलते खिलाड़ियों का आॅनलाइन प्रशिक्षण शुरु कर दिया गया है। स्टेडियम में सभी खिलाड़ियों को एक साथ प्रशिक्षण इस समय नहीं दिया जा सकता है। ऐसे में घर रहकर ही अभ्यास करना सभी की सुरक्षा के लिए बेहतर है।
इसको ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को वीडियो कॉल के जरिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं, अगर किसी भी खिलाड़ी को कोई दिक्कत होती है तो उसको व्यक्तिगत तौर पर भी टिप्स दिए जाते हैं, लेकिन भीड़ एकत्रित करने से साफ तौर पर बचा जा रहा है। फिलहाल खिलाड़ियों को घर पर ही वर्कआउट करने के लिए भी कहा गया है।
वहीं, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर का कहना है कि स्टेडियम में संक्रमण के चलते काफी सख्ती बरती जा रही है। उचित दूरी बनाने के लिए भी सभी को कहा जा रहा है। फिजूल लोगों को मैदान में प्रवेश बिल्कुल नहीं दिया जा रहा है।

