- 61.98 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगी जिले में 10 सड़क, नवनिर्मित छह मार्गों का हुआ लोकार्पण
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण मार्गों के शुभारंभ वर्चुअल प्रोग्राम में शामिल हुए जनप्रतिनिधि
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनाये गये ग्रामीण मार्गों का शुभारंभ एवं रिन्यूअल कार्य का लोकार्पण तथा नये मार्गों के निर्माण के लिए शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल प्रोग्राम के माध्यम से किया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी सहित अन्य अफसरों ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में 10 नये मार्गों के निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया, जिन पर 61 करोड़ से ज्यादा का बजट खर्च किया जायेगा।

कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण मार्गों का शुभारंभ एवं रिन्यूअल कार्य का लोकार्पण एवं शिलान्यास वर्चुअल प्रोग्राम के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण मार्गों का शुभारंभ एवं रिन्यूअल कार्य का लोकार्पण सीधे लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से किया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक बुढ़ाना उमेश मलिक, खतौली विधायक विक्रम सैनी और विधायक पुरकाजी प्रमोद उटवाल ने भी शिरकत की। जिलाधिकारी चंद्रभ्रूषण सिंह ने अतिथियों का यहां स्वागत किया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तृतीय चरण के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में छह मार्गों का निर्माण पूर्ण कराया गया है। जिनकी कुल लंबाई 53.28 किमीमीटर है, और इन पर कुल लागत 3.24 करोड का बजट खर्च किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इन सड़कों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ जनपद के 10 मार्गाे के निर्माण के लिए 61.98 करोड रुपये का बजट स्वीकृत करते हुए इनका भी शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
उन्होंने बताया कि जनपद के 16 मार्ग बुधवार की मीटिंग में निर्माण के लिए शासन स्तर पर प्रस्तावित किये गये है, इनके लिए 94.18 करोड की धनराशि की आवश्यकता होगी, योजना में इन मार्गों की अनुमति प्राप्त होते ही कार्य आरम्भ कराया जायेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनयाथ ने सड़क निर्माण में नवीन तकनीकी के उपयोग के बारे में भी विस्तार से चर्चा करते हुए बताया की यह तकनीकी अन्य जनपदों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर आरम्भ किया गया है, इस तकनीकी में उच्च गुणवत्ता की सड़क का निर्माण किया जाता है तथा शीघ्र ही समस्त जिलों में इसे अपनाने हेतु आदेश पारित किये जायेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिन ग्रामीण मार्गों का निर्माण करा दिया गया है, उनका तत्काल निरीक्षण कर संबंधित फर्म को उसका भुगतान कराना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

