- शासकीय-अर्द्धशासकीय भवनों पर स्थापित होगी प्रणाली
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त शासकीय और अर्द्धशासकीय भवनों पर रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिंग के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय भवनों पर रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही, जिलाधिकारी ने रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिग प्रणाली स्थापित करने की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारी को प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्कूलों, पंचायत भवनों एवं आगंनबाड़ी केन्द्रों पर शीघ्र रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए ताकि बरसात के पानी से भूमि के जल का सीधा रिचार्ज हो सके। बैठक में नोडल अधिकारी लघु सिंचाई खंड शामली के अधिशासी अभियंता अभिराम प्रसाद वर्मा ने बताया कि शासन स्तर पर प्रदेश के समस्त जनपदों में शासकीय, अर्द्धशासकीय भवनों पर रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने की समीक्षा निरंतर की जा रही है।
उक्त प्रणाली को शीघ्र स्थापित करने के शासन स्तर से भी निर्देश दिये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उक्त प्रणाली संबंधी डिजाइन-ड्राइंग भूगर्भ जल विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही, किसी भी तकनीकी मार्गदर्शन के लिए लघु सिचांई विभाग शामली, भूगर्भ जल विभाग, सहारनपुर से संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

