- चेहरे पर चोट के गंभीर निशान और कान से बह रहा था खून
जनवाणी संवाददाता |
ऊन (शामली): गांव हरसाना के मजरा रेडा माजरा में एक अधेड़ व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या से सनसनी मच गई। मृतक के चेहरे पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटना की जानकारी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
ऊन चौकी क्षेत्र के गांव हरसाना के मजरा रेडा मजरा में निवासी महिपाल (50) पुत्र मांगेराम कपड़े की फैरी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। बुधवार की रात्रि अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के चेहरे पर चोट का निशान था तथा कान से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की।
हत्या की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी सुकीर्ति माधव ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने जांच कर फिंगर प्रिंट लिए वहीं एसओजी टीम भी पड़ताल शुरू की है। इस संबंध में एसपी ने बताया कि महिपाल की हत्या हुई है टीमें जांच कर रही है शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

