- देवबंद में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा देखने आये थे डीजीपी मुकुल गोयल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रदेश के पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल मंगलवार को सुबह अचानक सर्किट हाउस पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने आईजी प्रवीण कुमार से कहा कि चुनाव को देखते हुए पुलिस पूरी तरहे अलर्ट मोड पर आ जाए और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जाए। बाद में डीजीपी देवबंद के लिये रवाना हो गए।
डीजीपी मुकुल गोयल सुबह आठ बजे के करीब सर्किट हाउस पहुंचे। सहारनपुर के देवबंद में बने एटीएस के आफिस का उदघाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को देखते हुए डीजीपी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने देवबंद जा रहे थे। मेरठ में करीब साढ़े तीन घंटे के प्रवास के दौरान उन्होंने आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी प्रभाकर चौधरी और एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र श्रीवास्तव से वार्ता की और आगामी चुनाव को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई तेज की जाए और असमाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीजीपी को सोतीगंज में शातिर कबाड़ियों के खिलाफ की गई कठोरतम कार्रवाई के बारे में भी बताया गया। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी दिशा निर्देश दिये। इससे पहले मुकुल गोयल के सर्किट हाउस पहुंचने पर उनको गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया।

